जनता के बीच भारत सबसे भरोसेमंद: 17-01-2017
दावोस। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (डब्ल्यूईएफ) का पांच दिवसीय सम्मेलन शुरू होने से पहले पेश की गई तमाम रिपोर्ट्स में भारत को खट्टे-मीठे अनुभव मिले हैं। ऑटोमेशन के चलते नौकरियां घटाने के मामले में भारतीय नियोक्ता सबसे ज्यादा संजीदा है। टैलेंट के मामले में भी भारत का स्थान नीचे आया है और समग्र विकास में भी देश की स्थिति कोई अच्छी नहीं रही। लेकिन संस्था के रूप में भारत और इसकी सरकार को आम लोगों का ज्यादा विश्वास हासिल हुआ है। भारत में ऑटोमेशन की प्रक्रिया नौकरियां निगलने को तैयार है। एक चौथाई से ज्यादा भारतीय नियोक्ता ऑटोमेशन के चलते कर्मचारियों की संख्या घटा सकते हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार इससे पूरी दुनिया की कंपनियों पर असर पड़ने की संभावना है। एचआर कंसल्टेंसी कंपनी मैनपावरग्रुप ने सोमवार को जारी अपनी रिपोर्ट में कहा है कि नई तकनीकों के लिए कर्मचारियों और संगठनों में विशेषज्ञ कुशलताओं की आवश्यकता बढ़ रही है। भारत में एक चौथाई से ज्यादा नियोक्ता कर्मचारियों की संख्या घटा सकते हैं। बुल्गारिया, स्लोवेनिया और स्लोवाकिया में भी बड़ी संख्या में नियोक्ता इसी तरह की सोच रखते हैं। स्किल्स रिवॉल्यूशन नाम की इस रिपोर्ट में 43 देशों के विभिन्न सेक्टर्स के 18 हजार नियोक्ताओं के बीच सर्वे किया गया है। नब्बे फीसद से ज्यादा नियोक्ताओं को उम्मीद है कि अगले दो वर्षो में उनकी कंपनी पर डिजिटाइजेशन का असर पड़ेगा। ग्लोबल इंडेक्स ऑफ टैलेंट कंपटीटिवनेस में भारत तीन पायदान फिसलकर 92वें स्थान पर आ गया है। इस इंडेक्स में स्विटजरलैंड शीर्ष पर है। ब्रिक्स देशों में भी भारत सबसे निचले पायदान पर है। चीन 54वें, रूस 56वें, दक्षिण अफ्रीका 67वें और ब्राजील 81वें स्थान पर रहा। आइएनएसईएडी ने एडेको ग्रुप और ह्यूमन कैपिटल लीडरशिप इंस्टीट्यूट ऑफ सिंगापुर (एचसीएलआइ) के साथ मिलकर यह इंडैक्स तैयार किया है। इसमें स्विटजरलैंड को पहला, सिंगापुर को दूसरा और ब्रिटेन को तीसरा स्थान मिला है। एक सर्वे में कहा गया है कि संस्था के रूप में भारत अपनी जनता के बीच सबसे भरोसेमंद राष्ट्र है। इस मामले में भारत की स्थिति सुधरी है। हालांकि पूरी दुनिया में विश्वास को लेकर कमी आई है। वर्ष 2017 की एडेलमैन ट्रस्ट बेरीमीटर की रिपोर्ट में यह बात कही गई। चीन के बाद भारत की सरकार वहां के नागरिकों के बीच सबसे भरोसेमंद मानी गई है। हालांकि इस साल के बेरोमीटर में सरकारों की संस्थाओं, बिजनेस, मीडिया व एनजीओ के प्रति भरोसे में सबसे बड़ी गिरावट आई है। 33 हजार लोगों के बीच कराये गये सर्वे में 28 देशों में भारत को लोगों ने सबसे भरोसेमंद माना है। डब्ल्यूईएफ की एक रिपोर्ट के अनुसार दुनिया के 79 विकासशील देशों में भारत 60वें स्थान पर रहा है। भारत को यह रैंकिंग समग्र विकास के मामले में हासिल हुई है। हालांकि वह चीन व पाकिस्तान से भी नीचे है। समग्र विकास पर रिपोर्ट के अनुसार ज्यादातर देश आर्थिक विकास दर बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण अवसरों का इस्तेमाल करने और असमानता को दूर करने में विफल रहे हैं। रिपोर्ट में चीन 15वें, नेपाल 27वें, बांग्लादेश 36वें और पाकिस्तान 52वें स्थान पर रहे। |